Hindi News Paper

आनंद निकेतन ट्रस्ट द्वारा गौशाला हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित।

गुवाहाटी के कालीपुर में ब्रह्मपुत्र नद के समीप नीलाचल पर्वत में स्थित आनंद निकेतन आश्रम में गौशाला निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित। आश्रम में वर्तमान में 12 गायों से युक्त गौशाला स्थित है। गौ संरक्षण, संवर्धन एवं अनुसंधान की दृष्टि से नवीन गौशाला निर्माण कार्य हेतु भूमि पूजन समारोह का आयोजन आनंद निकेतन ट्रस्ट द्वारा किया गया। प्रमुख ट्रस्टी सदा दत्त द्वारा प्रदान जानकारी के अनुसार नव निर्मित गौशाला में देशी गायों हेतु आवासीय परिसर, अनुसंधान केन्द्र, पशु चिकित्सा, आहार भण्डारण की व्यवस्था की जाएगी। 

गौशाला भूमि पूजन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य उल्हास कुलकर्णी, विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्माजी राव, विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री डॉ पवन तिवारी सहित विशिष्ट व्यवसायी एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरी मुंदड़ा, संदीप माहेश्वरी, अशोक गर्ग, संदीप डॉलकनीय, विकास नागपुरिया, सांचीराम पायेंग, मनोज कलिता उपस्थित रहे। नीलाचल वेद विद्यापीठ के आचार्य एवं बटुकों द्वारा वैदिक रीति से पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। 

प्रकृति के सुरम्य वातावरण में स्थित गौशाला के माध्यम से गौ आधारित सामग्री का निर्माण किया जाएगा तथा गौपालकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जिससे गौपालक अपने ग्राम्य क्षेत्र में गौ आधारित लघु उद्योग प्रारंभ कर सकें।