Hindi News Paper National Trending

अमृत महोत्सव : विद्या भारती के स्कूलों में होंगे विशेष कार्यक्रम

15 अगस्त 2021 से भारतीय स्वाधीनता का 75 वां वर्ष प्रारंभ हो रहा है। यह वर्ष देशभर में स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के रूप में आयोजित करने की योजना है। इसी क्रम में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में संचालित सभी विद्यालयों में भी अमृत महोत्सव को पूरे हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।

विद्या भारती के अखिल भारतीय महामंत्री श्रीराम आरावकर ने कहा दीर्घकालीन परतंत्रता के पश्चात स्वातंत्र्यवीरों के प्रयत्नों से 15 अगस्त 1947 को भारत स्वतंत्र हुआ।

इस स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के विरुद्ध बहिष्कार, असहयोग और सत्याग्रह जैसे आन्दोलन सशस्त्र क्रांतिकारियों के बलिदान, अजाद हिन्द फौज द्वारा किये गये सैनिक युद्ध, सैनिकों द्वारा अवज्ञा आदि सभी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

स्वतंत्रता के पश्चात भारत ने प्रगति पथ पर बढ़ना आरम्भ किया तथा नित नये लक्ष्यों की प्राप्ति कर हमारा देश आगे बढ़ रहा है। 15 अगस्त 2021 को भारतीय स्वाधीनता का 75वां वर्ष प्रारम्भ हो रहा है। यह सम्पूर्ण वर्ष स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के रूप में पूरे देश में मनाये जाने की योजना है।

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में कार्यरत सभी विद्यालयों में भारतीय स्वतंत्रता के इस अमृत महोत्सव को सम्पूर्ण उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। इनमें, केन्द्र द्वारा निर्धारित देशभक्ति का एक गीत सामूहिक रूप से गाया जायेगा।

स्थानीय स्तर पर राष्ट्रभक्ति के भाव से भरे मासिक गीतों का प्रतिदिन गायन किया जाएगा। प्रधानाचार्य, आचार्य और छात्रों द्वारा स्वाधीनता के संग्राम में बाल बलिदानियों की गाथाओं का कथन किया जाएगा।

आचार्यों द्वारा 1947 से 2020 की कालावधि में विज्ञान, क्रीडा, शिक्षा तथा सुरक्षा क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियां समाज जीवन के सर्व साधारण व्यक्तियों में असाधारण व्यक्तित्व, जिन्होंने पद्म पुरस्कार प्राप्त किये उनकी विशेषताएं, परमवीर चक्र पदक प्राप्त वीरों की जानकारी आदि का संग्रह कर आकर्षक प्रस्तुतियां तैयार की जाएंगी।

स्वतंत्र भारत के राष्ट्रपति तथा प्रधानमंत्रियों के संबंध में सामान्य जानकारी संकलित की जाएगी। एक प्रोजेक्ट के रूप में विद्यार्थी अपने जिले की कृषि, सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, स्वास्थ्य, उद्योग व व्यवसाय आदि के क्षेत्र में अपने जिले की विकास यात्रा की तथ्यात्मक जानकारियों का संकलन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *